स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गांव-गांव पहुंच बनाई जा रही है – सी.जे.एम. नीरज गोयल

होशियारपुर, 27 दिसंबर :
जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी होशियारपुर द्वारा पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी एस.ए.एस. नगर के दिशा-निर्देशों तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजिंदर अग्रवाल के आदेशों की पालना करते हुए युवाओं को नशों एवं अन्य कुरीतियों से बचाकर स्वस्थ समाज की सृजना के उद्देश्य से होशियारपुर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के गांव-गांव पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए सी.जे.एम.-कम-सचिव, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी होशियारपुर नीरज गोयल ने बताया कि इस अभियान के तहत आज ग्राम पंचायत बस्सी जहूरा, ग्राम पंचायत बठियां ब्राह्मणा, ग्राम पंचायत बिलासपुर, ग्राम पंचायत बूथगढ़, ग्राम पंचायत ढाडा कलां, ग्राम पंचायत माना, ग्राम पंचायत मुसाहिबपुर तथा जी.एन.ए. फैक्ट्री मेहटियाना में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ताओं द्वारा नशों के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। लोगों को अवगत कराया गया कि लड़की की विवाह आयु 18 वर्ष से कम और लड़के की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त ‘नालसा’ की पर्यावरण कानूनी साक्षरता एवं सामुदायिक सुरक्षा पहल, जिसका विषय “आज की रक्षा करें, कल को सुरक्षित करें” था, के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को बताया गया कि गांवों में न तो पराली जलानी चाहिए और न ही प्लास्टिक को आग लगानी चाहिए। साथ ही एच.आई.वी./एड्स जागरूकता अभियान के संबंध में भी जानकारी दी गई।
नशा विरोधी अभियान के संबंध में बताया गया कि इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को भविष्य में नशों का त्याग कर सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना है, ताकि एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सके। इस दौरान नालसा (ड्रग जागरूकता एवं वेलनेस नेविगेशन—ड्रग मुक्त भारत हेतु) योजना 2025, स्वास्थ्य, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर नशों के प्रभाव तथा एन.डी.पी.एस. एक्ट के कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया।
अंत में जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, होशियारपुर में कार्यरत पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा प्रचार सामग्री वितरित की गई।






