प्रोजेक्ट जीवनज्योत-02 के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा जांच अभियान जारी

फरीदकोट, 6 जनवरी:
जिला कार्यक्रम अधिकारी रतनदीप संधू के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला बाल संरक्षण अधिकारी अमनदीप सिंह सोढ़ी एवं प्रोटेक्शन ऑफिसर (आईसी) सुखमंदर सिंह द्वारा भीख मांगने वाले बच्चों/कचरा बीनने वाले बच्चों को रेस्क्यू करने के उद्देश्य से फरीदकोट में विभिन्न स्थानों—जैसे चहिल फाटक, ब्रिजिंदरा कॉलेज के पास, बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, मेन बाजार, टिल्ला बाबा फरीद जी, फिरोजपुर रोड, ज्ञानी जैल सिंह मार्केट, मेडिकल कॉलेज रेस्ट हाउस के पास आदि—पर चेकिंग की गई। इस दौरान 02 बच्चों को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति, फरीदकोट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रोटेक्शन ऑफिसर (आईसी) सुखमंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य में भी यह चेकिंग अभियान जारी रहेगा और आम जनता को जागरूक किया कि भीख मांगना तथा बच्चों से भीख मंगवाना कानूनन अपराध है।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कूल भेजना चाहिए, ताकि वे शिक्षित होकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें और अपना भविष्य संवार सकें। साथ ही बताया गया कि बाल भिक्षावृत्ति करवाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 76 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से मीडिया असिस्टेंट गुरविंदर सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई से रमनप्रीत कौर बराड़ (सोशल वर्कर) तथा नेहा रानी (आउटरीच वर्कर) भी उपस्थित थीं।






