अपराधपंजाबराजनीति

लुधियाना में सोची-समझी हत्या की साजिश नाकाम; खालिस्तान कमांडो फोर्स से जुड़े दो आरोपी एक पिस्तौल सहित काबू

चंडीगढ़, 7 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर ने काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के साथ तालमेल में विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर सोची-समझी हत्या की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे लुधियाना-आधारित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करनबीर सिंह निवासी हैबोवाल कलां, लुधियाना और अवतार सिंह निवासी न्यू शिमलापुरी, मिलरगंज, लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपी अवतार सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और आईपीसी के तहत कई मामले दर्ज हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) से जुड़े यूके और जर्मनी आधारित हैंडलरों के संपर्क में थे और कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपने हैंडलरों के निर्देशों पर साजिश के तहत लुधियाना में सरकारी और प्रमुख दफ्तरों की रेकी की थी।
डीजीपी ने आगे बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों को कुछ अन्य चिन्हित व्यक्तियों से संबंधित जानकारी एकत्र करने और जमीनी स्तर पर कार्रवाई को अंजाम देने का कार्य सौंपा गया था।
इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी एसएएस नगर डी. सुधरविज़ी ने बताया कि क्षेत्र में सोची-समझी हत्या की साजिश रचने संबंधी विश्वसनीय सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसओसी एसएएस नगर की एक संयुक्त टीम ने काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया और दोनों आरोपियों को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अवतार सिंह के खुलासे पर उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एआईजी ने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी कट्टरपंथी थे और इन्हें विदेशी हैंडलरों द्वारा भर्ती कर सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी सामग्री साझा करने का कार्य सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है।
इस संबंध में दिनांक 05.01.2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(5) और 61(2) के तहत थाना एसएसओसी एसएएस नगर में एफआईआर नंबर 1 दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button