कुरुक्षेत्र में जल्द शुरू होगा बाइपास का काम

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र बाइपास के निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है, जिसका निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस बाइपास के निर्माण से न केवल कुरुक्षेत्र निवासियों को बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा, जिससे इस पवित्र भूमि में बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री बुधवार को कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान 48 कोस तीर्थ सम्मेलन में तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, तंजानिया की पर्यटन मंत्री पिंडी चाना, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने 48 कोस परिक्रमा के सभी तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों से आग्रह करते हुए कहा कि वे आगे आएं और कुरुक्षेत्र को देश का सबसे स्वच्छ स्थान बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि अगर हम सब मिलकर इस कार्य में सहयोग करें तो 48 कोस में फैला यह धार्मिक क्षेत्र नि:संदेह पूरे देश में स्वच्छता के मामले में अग्रणी बन सकता है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि पर स्थित तीर्थों की यात्रा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा कुरुक्षेत्र को भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा और पवित्र नगरी हरिद्वार से जोडऩे के लिए रेल सेवा भी शुरू की जाएगी। श्रीकृष्ण सर्किट योजना के तहत महाभारत युद्ध से संबंधित 134 स्थलों को लगभग 175 करोड़ रुपए के अनुमानित लागत से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। गीता स्थली ज्योतिसर में 205 करोड़ रुपए के निवेश से महाभारत थीम पर आधारित ज्योतिसर अनुभव केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है। इस अनुभव केंद्र का हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली उद्घाटन किया था।