आज समाचार

जम्मू-कश्मीर पहुंचे किरेन रिजिजू, सीएम उमर अब्दुल्ला संग ट्यूलिप गार्डन की सैर, महबूबा भडक़ीं

श्रीनगर

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को श्रीनगर के खूबसूरत ट्यूलिप गार्डन में एक साथ शांतिपूर्ण सुबह की सैर का आनंद लिया। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पर किरेन रिजिजू ने लिखा, श्रीनगर, जम्मू और कश्मीर में ट्यूलिप गार्डन के जीवंत रंगों के बीच माननीय सीएम उमर अब्दुल्ला जी के साथ एक ताज़ा सुबह की सैर और डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब से मिलकर भी खुशी हुई। हालांकि, इसको लेकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भडक़ गई हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि एनआरसी लाने के बाद मुसलमानों को यह साबित करना पड़ेगा कि वे देश के मूल निवासी हैं, अब उन्हें अपनी कब्रों के बारे में भी साबित करना होगा।

वक्फ की संपत्तियां मुसलमानों के लिए एक सहारा थीं, अब उन्हें भी छीना जा रहा है। हमें जम्मू-कश्मीर सरकार से उम्मीद थी कि वे इसका मुखर विरोध करेंगे और फिर इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला जो देश के प्रमुख नेताओं में से हैं, वे सभी नेताओं को विरोध के लिए बुला सकते थे, हम भी शामिल होते, लेकिन आज क्या हुआ? हमने उनके बेटे, जम्मू-कश्मीर के सीएम को ट्यूलिप गार्डन में उस मंत्री (किरेन रिजिजू) के साथ घूमते देखा, जिन्होंने देश के मुसलमानों की गर्दन पर तलवार लटकाने का काम किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button