
अमृतसर, 26 जनवरी 2026 —
कैबिनेट मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां (राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री, पंजाब) ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश-विदेश में बसे सभी भारतीयों, विशेष रूप से पंजाबियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे देश की तीनों सेनाओं और सशस्त्र बलों के बहादुर जवानों को नमन करते हैं, जो देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के बलिदान, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि इन्हीं महान प्रयासों के कारण भारतीय गणराज्य की स्थापना हुई और हमें विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का गौरव प्राप्त हुआ। शहीदों को स्मरण करते हुए उन्होंने तिरंगा फहराया और बताया कि पंजाब सरकार ने मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के नाम पर रखने में अहम भूमिका निभाई है तथा वहां शहीद-ए-आज़म की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में वर्तमान सरकार शहीदों को समर्पित है। शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के गांव खटकर कलां की पवित्र धरती से शपथ लेकर सरकार ने प्रदेश की भलाई के कार्यों की शुरुआत की थी और शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में अनेक जन-हितैषी पहलें की हैं।
जिला वासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान जनता से किए गए अधिकांश वादों को सरकार ने पूरा किया है और शेष वादों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा, मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं नागरिकों को प्रदान की जा रही हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए हर पंजाबवासी परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है, जिसमें सभी प्रकार की जांचें मुफ्त होंगी और प्रदेश भर में 900 से अधिक अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार देने के वादे को निभाते हुए पिछले लगभग 46 महीनों में 63 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, मुफ्त बिजली और प्रशासनिक सुधार सरकार के प्रमुख एजेंडे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने अमृतसर वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मान सरकार ने “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है और अब “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के तहत पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक लड़ाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि सीमा पार से नशों और हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ड्रोन पर लगाम कसने के लिए पंजाब सरकार ने 3 “बाज़ आंख” एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए “प्रोजेक्ट जीवनजोत” के तहत 1023 बच्चों को रेस्क्यू कर शिक्षा और पुनर्वास से जोड़ा गया है। इसके अलावा 2076 बाल विवाह रोकथाम अधिकारियों की नियुक्ति कर चालू वित्तीय वर्ष में 64 बाल विवाह रोके गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गठित देश की पहली समर्पित “सड़क सुरक्षा फोर्स” ने अब तक 19 हजार से अधिक लोगों को मौके पर प्राथमिक सहायता दी है और 26 हजार से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में 50 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए लगभग 3100 ग्रामीण खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है तथा 11 नामी खिलाड़ियों को पी.सी.एस. और डी.एस.पी. की नौकरियां दी गई हैं।
अमृतसर जिले के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि मजीठा विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत वाली परियोजनाओं से विकास के नए अध्याय की शुरुआत की गई है, जिनके तहत 23 नई ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा अजनाला क्षेत्र में बच्चों के लिए नए सरकारी कॉलेज की नींव रखी गई है, जिस पर 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अमृतसर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अमृतसर-जालंधर हाईवे स्थित भाई गुरदास जी नगर, न्यू अमृतसर में 39 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से नया फ्लाईओवर बनाया जा रहा है, जो अगले 24 महीनों में पूरा हो जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास को दर्शाती झांकियां भी निकाली गईं। मुख्य अतिथि द्वारा शिक्षा विभाग की झांकी को पहला स्थान, पी.एस.पी.सी.एल. विभाग की झांकी को दूसरा स्थान तथा जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण की झांकी को तीसरा स्थान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री श्री मुंडियां ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवी संस्थाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह द्वारा मुख्य अतिथि श्री हरदीप सिंह मुंडियां को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती जतिंदर कौर, विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, ए.डी.जी.पी. श्री आर.के. जैसवाल, डिप्टी कमिशनर श्री दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर श्री गुरप्रीत सिंह भुल्लर, मेयर नगर निगम श्री जतिंदर सिंह मोती भाटिया, पूर्व मंत्री श्रीमती लक्ष्मीकांता चावला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री श्री मुंडियां ने बच्चों के कार्यक्रम से प्रसन्न होकर घोषणा की कि जिन स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया है, उन्हें कल 27 जनवरी को अवकाश रहेगा।









