पंजाबराजनीति

‘बाज़ आंख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम ने तरन तारन में 4 किलो हेरोइन से भरे ड्रोन को किया निष्क्रिय

चंडीगढ़/तरन तारन, 4 फरवरी:

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए तरन तारन पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सीमा चौकी (बी.ओ.पी.) कालियां के पास खेतों से 3.925 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

 

हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने एक डीजेआई मैट्रिस ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा सीमा पार से खेप भेजने के लिए किया गया था। यह उन्नत तकनीक के माध्यम से सीमा पार तस्करी के प्रयासों की ओर इशारा करता है।

 

डीजीपी ने बताया कि सीमा पार के हैंडलरों की पहचान करने, सप्लाई रूट्स का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।

 

ऑपरेशन से संबंधित विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तरन तारन सुरेंद्र लांबा ने कहा कि पंजाब सरकार के ‘बाज़ आंख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम ने सीमा चौकी (बी.ओ.पी.) कालियां के पास ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाया था। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने तुरंत बी.एस.एफ. को सूचित किया और संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप हेरोइन की खेप से भरे ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया गया, जिसे बाद में खेतों से बरामद किया गया।

 

एस.एस.पी. ने कहा कि जिन लोगों द्वारा यह हेरोइन की खेप प्राप्त की जानी थी, उनकी पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

इस संबंध में एफआईआर नंबर 20 दिनांक 3/2/2026 को तरन तारन के थाना वल्टोहा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C तथा भारतीय विमानन अधिनियम की धाराएं 25, 26 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button