
चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर, 12 फरवरी:
सरकारी स्कूलों की सूरत बदलने की मुहिम के तहत पंजाब के शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने आज सुबह एस.ए.एस. नगर (मोहाली) ज़िले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, होशियारपुर का औचक दौरा किया। उन्होंने स्कूल परिसर के आधुनिकीकरण के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चंडीगढ़ के नज़दीक स्थित होने के बावजूद कक्षाओं की खराब हालत, जिन्हें तुरंत पेंट की आवश्यकता है, पर नाराज़गी जताते हुए स. हरजोत सिंह बैंस ने निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) को फोन कर तुरंत निरीक्षण टीम गठित कर स्कूल का दौरा कराने और एक सप्ताह के भीतर डीपीआर पेश करने के आदेश दिए। उन्होंने इस स्कूल को एक मानक मॉडल शैक्षणिक संस्थान में बदलने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल की मरम्मत, आईसीटी-सक्षम कक्षाओं के निर्माण और विद्यार्थियों की नई वर्दी से संबंधित निर्देश देते हुए कहा कि राज्य की राजधानी के नज़दीक स्थित इस स्कूल को एक मॉडल संस्थान बनाया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल को स्कूल के गलियारों में विद्यार्थियों की कला कृतियों को प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान स. हरजोत सिंह बैंस ने विद्यार्थियों से बातचीत कर शिक्षा की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े और ऊँचे लक्ष्य तय करने तथा कड़ी मेहनत कर उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल प्रिंसिपल ने शिक्षा मंत्री को बताया कि 15 लाख रुपये की ग्रांट से स्कूल के खेल मैदान का उन्नयन किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने प्रिंसिपल से यह भी कहा कि खेल मैदान को शाम के समय स्थानीय बच्चों के लिए खुला रखा जाए।
मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जवाबदेही और त्वरित अमल के माध्यम से शिक्षा सुधार के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए स. बैंस ने स्कूल शिक्षकों को मांगों की सूची तैयार कर जल्द से जल्द निरीक्षण टीम को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे स्कूल के बुनियादी ढांचे के उन्नयन की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे। साथ ही, सरकारी स्कूलों को शीर्ष निजी स्कूलों के बराबर लाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।









