
चंडीगढ़, 17 फरवरी:
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए चल रही मुहिम के तहत पी.एस.पी.सी.एल. कार्यालय, जिला फाजिल्का में तैनात जूनियर इंजीनियर स्वर्ण सिंह को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव गगन के, जिला फाजिल्का के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता कृषि कार्य करता है और उसके परिवार के एक सदस्य ने बिजली मीटर खराब होने के कारण बिजली दोबारा चालू करने के लिए बिजली की तार को सीधे मेन सप्लाई से जोड़ दिया था। इस मामले की जांच के लिए आरोपी स्वर्ण सिंह, जूनियर इंजीनियर, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड फाजिल्का मौके पर पहुंचा और उसने शिकायतकर्ता के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज करने की धमकी दी। इसके बाद शिकायतकर्ता आरोपी जूनियर इंजीनियर से उसके कार्यालय में मिला, जहां उसने मामला रफा-दफा करने के लिए शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने 5,000 रुपये की रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत को सबूत के तौर पर रिकॉर्ड कर लिया। बार-बार अनुरोध करने पर सौदा 4,000 रुपये में तय हो गया।
शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।









