
खन्ना, दोराहा, लुधियाना, 7 फरवरी:
हलका खन्ना के विधायक एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री तरुनप्रीत सिंह सोंद की अगुवाई में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने के लिए दूसरी बस गांव चक्क जटाणा से अमृतसर के लिए पी.ए. महेश कुमार, विरासत सेवा संगठन इंचार्ज द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई।
इस अवसर पर श्री महेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत श्रद्धालु इस निःशुल्क बस के माध्यम से गांव चक्क जटाणा से श्री हरिमंदर साहिब, श्री दुर्गियाणा मंदिर, वाघा बॉर्डर, जलियांवाला बाग तथा अन्य विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करेंगे।
श्री महेश कुमार ने आगे कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और पैगंबरों की धरती होने के कारण सैकड़ों वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि “अक्सर बुजुर्गों से सुनते हैं कि यदि किसी को धार्मिक स्थल की यात्रा करवा दी जाए तो सवा मन सोने के बराबर पुण्य मिलता है। पंजाब सरकार ने बुजुर्गों के लिए यह सेवा शुरू कर अपनी उच्च, शुद्ध और नेक नीयत का प्रमाण दिया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान ठहरने और भोजन का पूरा खर्च मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत पंजाब सरकार ने श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। योजना के अंतर्गत 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए पंजीकृत किया गया है तथा पंजीकरण के लिए वोटर आईडी कार्ड अनिवार्य किया गया है। श्रद्धालुओं को ए.सी. बसें, ठहरने के लिए अच्छे होटल और भोजन निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक बस में यात्रियों की सहायता के लिए एक सहायक तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता के लिए एक मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान तथा हलका खन्ना के विधायक एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री तरुनप्रीत सिंह सोंद का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि बच्चों की व्यस्तताओं और अन्य पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण वे धार्मिक यात्रा करने में असमर्थ थे, लेकिन राज्य सरकार ने उनकी यह इच्छा भी पूरी कर दी है।
इस मौके पर गुरदीप सिंह मित्तू, सरपंच कुलविंदर कौर चक्क जटाणा, कुलविंदर सिंह सोनी जटाणा, गुरप्रीत सिंह जटाणा, राजेश कौशल, राजवीर नाग (गाइड), मनप्रीत सिंह, किरणजीत कौर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।









