पंजाबराजनीति

यूपी निवासी सहित संगठित नशा नेटवर्क से जुड़े दो व्यक्ति गुरदासपुर से गिरफ्तार; 11 किलो हेरोइन और 5.7 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद

चंडीगढ़/गुरदासपुर, 7 फरवरी:

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता दर्ज करते हुए गुरदासपुर पुलिस ने दो संगठित नशा नेटवर्क से जुड़े 2 कारिंदों को 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर इन गिरोहों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

 

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित कासिमपुर निवासी मोहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हरशदीप सिंह उर्फ हरश के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने हेरोइन और ड्रग मनी बरामद करने के अलावा आरोपियों की सफेद रंग की होंडा सिटी कार (आरजे-45-सीआर-2918) और हुंडई वरना कार (सीएच-01-एजेड-0888) भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल वे नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए करते थे।

 

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी भारत में अपने हैंडलरों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

पहले मामले के संबंध में विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हरशदीप उर्फ हरश को गुरदासपुर के गांव चिट्टी के पास से 8 किलो हेरोइन और 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया, जब वह अपनी वरना कार में हेरोइन की खेप की डिलीवरी के लिए जा रहा था।

 

एसएसपी ने बताया कि इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में आरोपी मोहम्मद वसीम को दीनानगर में पनियार शुगर मिल के पास नाके पर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उसकी होंडा सिटी कार की तलाशी के दौरान छह पैकेटों में पैक 3 किलो हेरोइन और 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।

 

उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

 

इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं—एफआईआर नंबर 32 दिनांक 7 फरवरी 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 27-ए के तहत थाना दीनानगर में तथा एफआईआर नंबर 11 दिनांक 7 फरवरी 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 27-ए के तहत थाना दोरांगला में।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button