पंजाबराजनीति

बाजवा की टिप्पणी पूरे दलित समुदाय का अपमान, 24 घंटे में कांग्रेस माफी मांगे, नहीं तो होगा सख्त एक्शन: हरपाल चीमा

चंडीगढ़, 8 फ़रवरी 2026

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं—पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, वन मंत्री लाल चंद कटारूचक और ‘आप’ पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू—ने कड़े शब्दों में संयुक्त रूप से निंदा की। नेताओं ने कांग्रेस को दलित-विरोधी मानसिकता वाली पार्टी करार देते हुए बाजवा और कांग्रेस से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की चेतावनी दी, अन्यथा कड़े कानूनी और राजनीतिक कदम उठाने की बात कही।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बाजवा के बयान को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. गरीबी से निकलकर मेहनत के बल पर सिविल सेवा परीक्षा पास कर ई.टी.ओ. बने, फिर समाज सेवा की भावना से नौकरी छोड़कर आम आदमी पार्टी से जुड़े और आज मंत्री हैं। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल पूरे दलित समाज का अपमान है।

चीमा ने कहा कि कांग्रेस बार-बार दलित मंत्रियों और नेताओं को निशाना बनाती रही है—कभी नाम लेकर, कभी “मटीरियल” जैसे शब्दों से और अब “बैंड-बाजा” कहकर। यह भाषा अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि 24 घंटे में माफी नहीं मांगी गई तो सख्त कार्रवाई होगी।

वन मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि बाजवा की यह कोई नई टिप्पणी नहीं है; वह पहले भी मजदूरों और दलित पृष्ठभूमि से आए नेताओं पर तंज कसते रहे हैं। उन्होंने बाजवा की पुरानी “अरबी घोड़े और देसी टट्टू” वाली टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी दलित नेतृत्व को आगे बढ़ने नहीं दिया। कटारूचक ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ कांग्रेस के ऐतिहासिक व्यवहार का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की दलित-विरोधी सोच को रेखांकित किया।

कटारूचक ने कहा कि मेहनत से जुड़े पेशों का मज़ाक उड़ाना शर्मनाक है। गुरु साहिब की वाणी “रंगरेटे गुरु के बेटे” का हवाला देते हुए उन्होंने बाजवा से जागीरदार मानसिकता छोड़ने को कहा और चेताया कि 2027 में जनता कांग्रेस का “बैंड-बाजा” खुद बजाएगी।

‘आप’ पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि बाजवा की टिप्पणी कांग्रेस नेताओं के भीतर दलित समाज के प्रति भरी नफ़रत को दिखाती है। क्या मेहनतकश परिवार से आने वाला व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सकता? उन्होंने कहा कि जब आम घरों के लोग आगे आ रहे हैं, तो कांग्रेस को तकलीफ़ हो रही है। पन्नू ने बाजवा से अपनी भाषा सुधारने और कानूनन कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।

पन्नू ने गर्व के साथ कहा कि यदि हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के परिवार का कभी बैंड-बाजा का व्यवसाय रहा है, तो यह सम्मान की बात है कि उसी मेहनतकश पृष्ठभूमि से उठकर वे कैबिनेट मंत्री बने हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button