पंजाबराजनीति

अब लाइनों में लगने की जरूरत नहीं: अब शैक्षणिक दस्तावेज़ों का होगा ऑनलाइन सत्यापन: हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ़, 12 जनवरी:
राज्य के विद्यार्थियों को लाइनों में खड़े होने, कागजी कार्यवाही और हफ्तों तक लंबा इंतजार करने की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी शैक्षणिक दस्तावेज़ों की ऑनलाइन सत्यापन और प्रमाणीकरण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म “ई-सनद” लॉन्च किया है। इसके साथ ही पंजाब यह डिजिटल सेवा शुरू करने वाला भारत का दूसरा राज्य बन गया है।
आज यहां पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की “ई-सनद” सेवा की शुरुआत के साथ ही बोर्ड के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थी विस्तृत अंक सूची (डीएमसी) और प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन सत्यापन अब केवल कुछ ही दिनों में करवा सकेंगे, जबकि पहले इसमें 40–45 दिन लगते थे। सरकार के अनुसार, इस पहल से हर साल पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से पास होने वाले हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और बोर्ड द्वारा जारी प्रमाणपत्रों की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही उच्च शिक्षा, रोजगार और विदेश जाने के लिए दस्तावेज़ों का त्वरित सत्यापन सुनिश्चित हो सकेगा।
इस डिजिटल सेवा की शुरुआत के बाद पंजाब के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह सुविधा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है, जिन्हें बोर्ड द्वारा जारी मार्कशीट और प्रमाणपत्रों का उच्च शिक्षा, रोजगार, पेशेवर आवश्यकताओं और विदेशों में सत्यापन करवाने की जरूरत होती है।
सरदार हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि पंजाब “ई-सनद” को लागू करने वाला भारत का दूसरा राज्य बन गया है, जो बोर्ड की डिजिटल गवर्नेंस और निर्बाध सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और इसके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की वैश्विक विश्वसनीयता को बढ़ाता है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बोर्ड से संबद्ध स्कूलों से हर वर्ष लगभग 3 लाख विद्यार्थी पास होते हैं और पिछले वर्षों के पास-आउट विद्यार्थी भी अब इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि ई-सनद के तहत बोर्ड अपने रिकॉर्ड के अनुसार दस्तावेज़ों का डिजिटल रूप से सत्यापन करता है और उन्हें विदेश मंत्रालय (एमईए) के माध्यम से प्रमाणित किया जाता है। यह सेवा हेग कन्वेंशन देशों (अपोस्टिल) और गैर-हेग देशों (एमईए के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर दूतावास सत्यापन) को कवर करती है।
सरदार बैंस ने कहा कि इस सेवा की शुरुआत से हर साल हजारों वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और सेवा प्रदान करने की समय-सीमा 40–45 दिनों से घटाकर मात्र कुछ दिनों तक कर दी गई है, जिससे अधिक दक्षता, पारदर्शिता और निर्बाध सुविधा सुनिश्चित हुई है।
प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए आवेदन प्रक्रिया की जानकारी साझा करते हुए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि आवेदकों की सुविधा के लिए ई-सनद पोर्टल का लिंक, ऑनलाइन भुगतान गेटवे और आवेदन से संबंधित चरण-दर-चरण जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और कागज-रहित है तथा इस सेवा के लिए बोर्ड के मुख्य कार्यालय आने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button