
चंडीगढ़, 9 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चल रही मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के तहत पंजाब पुलिस की टीमों ने आज ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के पहले दिन वांछित अपराधियों से जुड़े 2,760 ठिकानों पर छापेमारी की।
गौरतलब है कि चल रही मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ को और तेज़ करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने रविवार को वांछित अपराधियों को काबू करने पर केंद्रित 72 घंटे का ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ शुरू किया था। इस ऑपरेशन की निगरानी के लिए पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न पुलिस जिलों का व्यक्तिगत रूप से दौरा किया।
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत लगभग 12,000 पुलिस कर्मियों की 2,000 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे पंजाब में वांछित अपराधियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।
ऑपरेशन प्रहार-2 के पहले दिन के परिणाम साझा करते हुए विशेष डीजीपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 1,895 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 1,250 को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 40 भगोड़े अपराधी और 298 निवारक हिरासत में लिए गए व्यक्ति शामिल हैं। इसके अलावा 666 व्यक्तियों को पूछताछ और जांच के बाद रिहा कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि लोग वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं तथा किसी भी प्रकार के अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 345वें दिन भी जारी रखते हुए आज 72 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 26.4 किलोग्राम हेरोइन, 772 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 12.17 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही मात्र 345 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 48,331 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 21 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया है।









